: शिक्षा हमारे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी : मंत्री श्री लखन लाल देवांगन।
Fri, Jul 4, 2025
कोरबा (न्यूज उड़ान )वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने आज पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम लमना में शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम के अवसर पर आयोजित समारोह में उपस्थित बच्चों को देश का बेहतर नागरिक बनने और प्रतिदिन स्कूल आकर पढ़ाई करने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि सभी विद्यार्थी शिक्षा अर्जन कर बेहतर नागरिक बनें।
शिक्षा हमारे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, जिसका बंटवारा नहीं किया जा सकता। शिक्षा से ही देश की प्रगति होती है। घर का एक व्यक्ति शिक्षित होने पर परिवार जागरूक और शिक्षित होता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश की सरकार शिक्षा को प्राथमिकता दे रही है और विद्यार्थियों का भविष्य गढ़ने का काम कर रही है। मंत्री श्री देवांगन ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री का वितरण करने के साथ उनका स्वागत अभिनंदन कर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया। मुख्य अतिथि श्री देवांगन ने उपस्थित ग्रामीणों से अपने बच्चों को प्रतिदिन स्कूल भेजने तथा बच्चों की पढ़ाई लिखाई में स्वयं रूचि लेते हुए बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए अधिक से अधिक प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही व्यक्ति अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक होता है तथा बेहतर नागरिक बन पाता है। उन्होंने कहा कि शासन का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा स्कूल न छोड़े, उनकी नियमित उपस्थिति बनी रहे एवं उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो। हम सबको मिलकर प्रत्येक बच्चे को निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा दिलाने में अपना अमूल्य योगदान प्रदान करना चाहिए जिससे प्रत्येक बच्चा शिक्षा के माध्यम से समग्र रूप से विकसित होकर उज्ज्वल भविष्य की मंजिल पा सके। मंत्री श्री देवांगन ने कोरबा जिले में विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने शुरू की गई कोचिंग व्यवस्था, स्कूलों में रिक्त शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति, नाश्ते की व्यवस्था, भृत्यों की नियुक्ति की बात कहते हुए कहा कि इससे जिले के स्कूलों में आवश्यक व्यवस्था सुधरेगी और शिक्षा का बेहतर माहौल बनेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कल्याणकारी कार्यों को बताते हुए श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी और ग्रामीणों से इसका लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों द्वारा स्कूली छात्राओं को सायकिल प्रदान किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक श्री तुलेश्वर मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया। कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने कहा कि जीवन में शिक्षा का बहुत महत्व है। समाज में अपनी पहचान बनाने के साथ अपना बेहतर भविष्य का निर्माण भी शिक्षा के माध्यम से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने हर स्तर पर प्रयास किया जा रहा है। बोर्ड परीक्षा में अच्छे नंबरों से पास होने वाले विद्यार्थियों को नीट, जेईई की कोचिंग की व्यवस्था, प्रतिभावान विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण संस्थानों में प्रवेश लेने पर उनका भी सहयोग जिला प्रशासन द्वारा किया जाता है। कलेक्टर ने जिले में जर्जर भवनों के स्थान पर अनेक नये स्कूल भवनों के निर्माण होने, युक्ति युक्तकरण के माध्यम से विद्यालयों में शिक्षकों की व्यवस्था होने से विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलने की बात कही। इस अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम“ अभियान तहत वृक्षारोपण किया गया एवं छात्रों को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा छात्र-छात्राएं प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
: कोरबा जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में ‘‘नोनी बाबू जतन केन्द्र’’ का हुआ शुभारंभ।
Fri, Jul 4, 2025
कोरबा (न्यूज उड़ान )कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन में कोरबा जिले के 03 विकासखण्ड कोरबा, पाली एवं पोडीउपरोडा अंतर्गत कुल 41 नोनी बाबू जतन केन्द्रों का गत 01 जुलाई को शुभारंभ किया गया। जिसमें एकीकृत बाल विकास परियोजना कोरबा (ग्रामीण) के 03 केन्द्र, परियोजना पाली के 05 केन्द्र, परियोजना पोडीउपरोडा के 07 केन्द्र, चोटिया के 13 केन्द्र तथा पसान के 13 केन्द्र शामिल है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि नोनी बाबू जतन केन्द्रों की स्वीकृति जिला खनिज न्यास मद द्वारा प्रदान की गई है। नोनी बाबू जतन केन्द्र का संचालन उन दुर्गम क्षेत्र के बसाहटों में किया जा रहा है जहां आंगनबाड़ी केन्द्र दूर होने के कारण हितग्राही लाभ से वंचित हो जाते है तथा बसाहट शासन के निर्देशानुसार जनसंख्या के मापदण्ड को पूर्ण नहीं करते। जिला खनिज न्यास मद अंतर्गत इन 41 केन्द्रों के लगभग 800 हितग्राहियों (उम्र 06 माह से 06 वर्ष) को महिला एवं बाल विकास विभाग की समस्त योजनाओ एवं सेवाओ का लाभ प्रदान किया जायेगा। इन केन्द्रों का संचालन ग्राम सभा से चयनित महिला द्वारा किया जायेगा तथा प्रतिमाह 10 हजार रूपये मानदेय का भुगतान जिला खनिज न्यास मद से दिया जायेगा। कोरबा जिले में स्वास्थ्य एवं पोषण क्षमता का विकास करने, समुदाय स्तर पर प्रबंधन करने एवं कुपोषण में कमी लाने हेतु दूरस्थ अंचल में यह नोनी बाबू जतन केन्द्र निश्चित तौर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। कलेक्टर द्वारा इन केन्द्रों के लिए डीएमएफ मद से लगभग 62 लाख 85 हजार रूपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। कलेक्टर द्वारा इन केन्द्रों के पर्यवेक्षण व निरीक्षण हेतु परियोजना अधिकारियों को माह में न्यूनतम एक बार तथा सेक्टर पर्यवेक्षक को माह में 03 बार करने हेतु निर्देशित किया गया है।
: बालको ने प्राइड मंथ पर संयंत्र एवं समुदाय में चलाया जागरूकता अभियान।
Fri, Jul 4, 2025
बालकोनगर( न्यूज उड़ान )वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने इंटरनेशनल प्राइड मंथ के अवसर पर संयंत्र और समुदाय में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।इसका उद्देश्य समावेशी वातावरण को प्रोत्साहित करना और एलजीबीटीक्यूआई प्लस समुदाय के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ावा देना था।
कंपनी ने प्राइड मंथ अभियान के तहत ‘डायवर्सी दी’ नामक शुभंकर लॉन्च किया, जो पूरे माह चले जागरूकता अभियान का चेहरा रही। इस अभियान में कर्मचारियों, व्यावसायिक साझेदारों और समुदाय के लोगों ने हिस्सा लिया।इस अभियान के तहत समुदाय को जागरूक करने के लिए मूवी स्क्रिनिंग, पोस्टर मेकिंग स्लोगन, प्राडड मार्च और कार्यशाला का भी आयोजन किया गया जिसमें लगभग 500 लोग शामिल हुए। सत्र में समुदाय को लैंगिक संवेदनशीलता और समावेशी समाज बनाने की दिशा में सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन के लिए आमंत्रित किया गया।
इसके साथ ही समावेशी कार्यस्थल को बढ़ावा देने के लिए बालको में प्राडड मार्च, पोस्टर मेकिंग तथा एलजीबीटीक्यूआई प्लस समुदाय के लिए एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया।पोस्टर और स्लोगन बनाने की प्रतियोगिताओं में सभी की सक्रिय भागीदारी ने समावेशी एवं सकारात्मक सोच को बढ़ावा दिया।
प्राइड मंथ उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने कहा कि कंपनी का यह कदम समाज में सामाजिक परिवर्तन लाने तथा सभी के लिए समानता, गैर-भेदभाव और समान अवसर का वातावरण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के औद्योगिक संस्था के रूप में एलजीबीटीक्यू प्लस के लिए संवेदीकरण कार्यशाला के आयोजन में भी कंपनी अग्रणी हैं।हम अपने कंपनी में सभी के लिए समान अधिकार सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम समावेशी संस्कृति को बढ़ावा देने तथा राष्ट्र निर्माण में अपने कर्मचारियों के उच्च प्रतिभा का भरपूर उपयोग कर रहे हैं।
समुदाय के साथ कार्यशाला में चर्चा करते हुए छत्तीसगढ़ तृतीय लिंग कल्याण बोर्ड सदस्य एवं छत्तीसगढ़ मितवा संकल्प समिति की सचिव रवीना बरिहा ने कहा कि बालको में जागरूकता सत्र का आयोजन एक दिन का प्रयास नहीं बल्कि कंपनी ने तीन साल पहले अपने कार्यबल में एलजीबीटीक्यूआई प्लस को नियुक्त करने की यात्रा शुरू की थी।उन्होंने कहा कि एलजीबीटीक्यूआई प्लस कर्मचारियों सुरक्षा और शॉपफ्लोर ऑपरेशन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। मैं सामुदायिक स्तर पर इस तरह के सत्र को व्यापक बनाने, समावेशिता फैलाने और समाज के हर कोने में हमें सशक्त बनाने के लिए बालको की आभारी हूं।बालको में कार्यरत देवसेना ने कहा कि उच्च शिक्षा प्राप्त करना मेराs एक सपना था, लेकिन नौकरी के साथ उसे पूरा करना हमेशा मुश्किल लगता था। वेदांता बालको की एजुकेशन पॉलिसी ने मुझे आर्थिक रूप से सहयोग किया। अब मैं आत्मविश्वास के साथ प्रोफेशनल डेवेलपमेंट कोर्स कर रही हूं, बिना यह चिंता किए कि इससे मेरे काम पर असर पड़ेगा। यह सहयोग सिर्फ मदद नहीं, बल्कि एक सशक्तिकरण है।बालको ने अपने विविधता, समानता और समावेशी चार्टर के तहत नीतियों को संस्थागत रूप दिया है। ‘जेंडर रीअफर्मेशन लीव्स एंड कॉम्पेंसेशन पॉलिसी’ जिसके तहत ₹2 लाख का एकमुश्त अनुदान और सर्जरी के लिए 30 दिन की सवेतन छुट्टी प्रदान की जाती है। ट्रांसजेंडर कर्मचारियों के लिए आवास सहायता भी शामिल है। ‘फाइनेंशियल सपोर्ट फॉर हायर ऑफ ट्रांसजेंडर एम्प्लॉई’ पॉलिसी के तहत ट्रांसजेंडर कर्मचारियों को व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त करने हेतु 1 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान करता है।