: जिला प्रशासन के दिशानिर्देश पर बालको ने कराया छात्रों को शैक्षणिक भ्रमण।
Wed, Jun 12, 2024
बालकोनगर(,न्यूज उड़ान) वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने जिला प्रशासन के दिशा निर्देशानुसार अपने संयंत्र परिसर और चोटिया कोयला खादान में स्कूल के छात्र एवं छात्राओं को शैक्षणिक भ्रमण कराया। विद्यार्थियों के ज्ञान में वृद्धि तथा देश के औद्योगिक विकास को व्यापक रूप से समझने के लिए शैक्षणिक भ्रमण का कार्यक्रम आयोजित की गई। कोरबा जिलाधिकारी अजीत वसंत के दिशा-निर्देशन में जिले के विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।बच्चे इंजीनियरिंग व विज्ञान के विभिन्न पहलुओं को देखकर सीख सकें।
लगभग 240 छात्रों ने अलग-अलग दल में बालको का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस तरह के भ्रमण से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक और तकनीकी एवं नवाचार की सोच विकसित होगी। क्लासरूम से बाहर जाकर बड़े-बड़े औद्योगिक कार्यस्थल के अवलोकन से शिक्षा के प्रति उनकी अभिरूचि भी बढ़ेगी। कंपनी में आने वाले सभी विद्यार्थियों को पूरे संयंत्र का भ्रमण कराया जिसमें कंपनी के महत्वपूर्ण कार्यों को विस्तार से बताया गया।छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक संयंत्र प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए प्रचालन की जानकारी को समझने का प्रयास किया। बालको के स्मेल्टर, कास्ट हाउस और विद्युत संयंत्र का अवलोकन कर छात्र बेहद प्रभावित हुए। बालको की विभिन्न इकाइयों के अधिकारियों ने छात्रों को बालको के उत्पादन, उत्पादकता और कार्य शैली की विस्तार से जानकारी दी। छात्रों के संयंत्र भ्रमण पर बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने कहा कि युवा हमारे देश के भविष्य हैं। कंपनी भ्रमण से युवाओं के बीच औद्योगिक प्रचालन की समझ विकसित होगी। छात्र कंपनी के नई तकनीक से प्रभावित होकर विज्ञान क्षेत्र से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित होंगे। शैक्षिक भ्रमण से बच्चों में ज्ञान प्राप्त करने के साथ ही नई-नई तकनीकों की विशेषज्ञता के बारे में गहरी समझ तथा आगे चलकर तकीनीकी क्षेत्र में सफलता अर्जित करने में सहायक होगी।शासकीय हाईस्कूल मदवानी विकास खंड करतला, जिला कोरबा के प्राचार्य बलराज कश्यप ने कहा कि कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के लिए आवश्यक है। विद्यार्थियों को बालको कंपनी में एल्यूमिनियम का उत्पादन, संग्रहण एवं विभिन्न शैक्षिक पहलू पर विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा संयंत्र से संबंधित किये गए सभी सवालों का सटीक और विस्तारपूर्वक जवाब दिया गया। विद्यार्थियों ने बताया कि उन्हें बालको संयंत्र में आकर बहुत अच्छा महसूस हुआ।शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से उन्हें एल्यूमिनियम एवं बिजली उत्पादन के सम्बंध में बारीकी से जानकारी प्राप्त हुई।साथ ही बालको में टीम भावना और परस्पर सहयोग जैसे विभिन्न पहलुओ को समझने का अनुभव मिला।बालको के चोटिया कोयला खादान में अन्य छात्र-छात्राओं ने खदान का भ्रमण किया। उन्होंने खुले कोयला खादान का अवलोकन किया जो उनके लिए अभूतपूर्व अनुभव था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को खदान से कोयला उत्खनन के साथ ही आधुनिक तकनीकी मशीनों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
: हाथी के हमले से मृत महिला को दी गई तात्कालिक सहायता राशि
Wed, Jun 12, 2024
कोरबा( न्यूज उड़ान ) कोरबा वनमंडल के कुदमुरा परिक्षेत्र के गिरारी ग्राम के समीप आज 58 वर्षीय महिला यादो बाई कँवर पति बिरीक्ष राम कँवर की हाथी द्वारा हमले से मृत्यु हो गयी है।रात्रि 2:30 बजे लोनर धरमजयगढ़ वनमंडल से मांड नदी को पार कर कुदमुरा में प्रवेश किया, जिससे घटना घटित हुई।यह घटना आज सुबह 7:30 बजे घटित हुई जब यादो बाई और बिरीक्ष राम पति पत्नी धान बीज खरीदी के लिए अपने गांव बासीन से गिरारी पैदल जा रहे थे।रास्ते मे पति ने लोनर हाथी को देखकर पुलिया के नीचे आकर छुपा और अपनी पत्नी को पुलिया की तरफ आने के लिए कहा पर यादो बाई घबराहट में जंगल की ओर भागने लगी परंतु अपनी जान नही बचा पाई।घटना स्थल पर वन अमला, पुलिस दल और एम्बुलेंस मौजूद रहे पुलिस दल द्वारा शव परीक्षण किया जिसके उपरांत एम्बुलेंस में मृतक का पोस्टमार्टम हेतु करतला लाया गया, पोस्टमार्टम पश्चात शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके परिवार को सौंपा गया।शासन के प्रावधान अंतर्गत मृतक के परिवार को सहायता राशि के रूप में 600000/- से दिया जाएगा।जिसके अंतर्गत कुदमुरा रेंजर द्वारा तात्कालिक सहायता राशि 25000 रुपए मृतक महिला के पति बिरीक्ष राम और परिवार को प्रदान किया गया।लोनर हाथी घटना उपरांत धरमजयगढ़ वनमंडल की ओर मांड नदी के निकट चला गया आस पास सभी ग्रामीणों को सूचित किया गया ।वर्तमान में कोरबा वनमंडल में हाथियों का एक दल जिसमे 7 हाथी है जो लबेद गांव में विचरण कर रहा है ।
: महतारी वंदन योजना का मिल रहा लाभ, अब किसी से मांगने नहीं पड़ते पैसे : उर्मिला कुमारी
Wed, Jun 12, 2024
कोरबा( न्यूज उड़ान ) मोदी की गारंटी के तहत छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक कदम उठाते हुए महतारी वंदन योजना प्रारंभ की गई है।प्रतिमाह एक हजार रुपए और साल में 12 हजार रूपए महिलाओं के खाते में अंतरित करने के साथ उन्हें आर्थिक मदद पहुंचाने की इस पहल से महिलाओं में एक अलग ही उत्साह का वातावरण है।उनका कहना है कि सरकार की इस योजना से हमें अब अपनी छोटी-छोटी जरूरतों में किसी के पास पैसा मांगने की आवश्यकता नहीं है। कोरबा नगरीय क्षेत्र के पोड़ीबहार की रहने वाली श्रीमती उर्मिला कुमारी ने बताया कि हमने सोचा भी नहीं था कि महिलाओं के लिए ऐसी योजनाएं संचालित होगी जिसमें हर माह एक-एक हजार रुपए की सहायता राषि प्राप्त होगी।हम महिलाएं गृहणी के तौर पर पूरा घर चलाती हैं और एक-एक रुपये की बचत कर थोड़े बहुत पैसे जमा कर पाती हैं।जिसका उपयोग अक्सर घर की जरूरी वस्तुओं के पूर्ति में हो जाता हैं। उर्मिला ने बताया कि उसके परिवार में उसके पति, बच्चे सहित पांच सदस्य हैं। उसके पति श्री प्रकाश दास महंत मजदूरी करते हैं, पति की आमदनी से ही परिवार का खर्च चलता है, लेकिन कोई बचत नहीं हो पाती है, जबकि समय-समय पर परिवार में पैसे की आवश्यकता पड़ती रहती है।पिछड़े परिवार के लोगों के लिए एक-एक रुपये का विशेष महत्व होता है। ऐसे में सरकार द्वारा माह में एक हजार रुपये और साल में 12 हजार रूपए की आर्थिक सहायता मिलने से महिलाओं को बहुत राहत मिल रही है।महतारी वंदन योजना लागू होने के बाद उसे भी अब हर महीने एक-एक हजार रूपए मिल रहे हैं।इससे उनकी बड़ी परेशानी दूर हो गई है। इन पैसों से वे अपने घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति कर पाने में सक्षम हुई हैं।छोटी-मोटी जरूरतों के लिए किसी के सामने हाथ फैलाना नहीं पड़ रहा है। उर्मिला ने बताया कि वह स्नातक उत्तीर्ण है और आगे भी पढ़ाई करना चाहतीं हैं।इस राशि का वह आगे अपने आगे की पढ़ाई के लिए भी कर सकेंगी। योजना का लाभ पाकर उत्साहित उर्मिला ने कहा कि शासन की यह कल्याणकारी योजना आर्थिक रूप से कमजोर केवल उनके ही परिवार नहीं बल्कि ऐसे अन्य दूसरे परिवार के लोगों के लिए भी काफी अच्छी योजना है।इससे अनेक महिलाएं लाभान्वित होकर आर्थिक रूप से मजबूत बन रही है।