: न्योता भोज में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव और स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल
Sat, Mar 2, 2024
बिलासपुर.( न्यूज उड़ान) उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव तथा स्वास्थ्य मंत्री एवं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के प्रभारी मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल आज पेंड्रा में स्कूली बच्चों के न्योता भोज में शामिल हुए।
उन्होंने बड़े स्नेह से बच्चों को भोजन परोसा और उनके साथ जमीन पर बैठकर खाना खाया। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना के तहत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पेण्ड्रा में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला प्रशासन द्वारा आयोजित न्योता भोज में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्री प्रणव कुमार मरपच्ची और श्री किरण सिंह देव ने बच्चों को खीर, पूड़ी, पुलाव, पापड़, सलाद, चटनी और केला परोसा। उन्होने नन्हें बच्चों को अपने हाथों से खाना खिलाया और उनके साथ लाइन में बैठकर भोजन किया।
उप मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और विधायकों के साथ जनप्रतिनिधियों ने बच्चों के साथ पौष्टिक और स्वादिष्ट न्योता भोज किया।उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने न्योता भोज के दौरान बड़ी आत्मीयता और सहजता से बच्चों से बात की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे देश में न्योता भोज अभियान चलाया है। यह प्रेरणा देने वाली योजना है। इससे बच्चों को सामूहिक रूप से भोजन करने का अवसर मिल रहा है।
न्योता भोज में पौष्टिक, स्वादिष्ट एवं गर्म भोजन मिलने से बच्चे मानसिक एवं शारीरिक रूप से पुष्ट होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस योजना के तहत लोगों और संगठनों से विशेष मौके जैसे राष्ट्रीय पर्व, त्योहार, जन्मदिन या विवाह वर्षगांठ के मौके पर स्कूली बच्चों को भोजन कराने की अपील की है।
मुख्यमंत्री की अपील पर पूरे प्रदेश में यह अभियान चल रहा है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी, वन मण्डलाधिकारी श्री शशि कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.के. शास्त्री, श्री कन्हैया राठौर, श्री राकेश चतुर्वेदी और श्री लालजी यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक न्योता भोज में शामिल हुए।
: गांजा बेचने वाले आरोपीयां को कोटा पुलिस ने किया गिरफ्तार
Wed, Feb 28, 2024
बिलासपुर( न्यूज उड़ान) श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के द्वारा गांजा बिक्री करने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने निर्देशित किया गया है जिसके परिप्रेक्ष्य में अति. पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री अर्चना झा एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा श्री सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में थाना कोटा प्रभारी टी.एस.नवरंग के नेतृत्व में थाना कोटा क्षेत्र में लगातार अवैध शराब/गांजा/नशाखोरी के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है।दिनांक 26.02.2024 के शाम को थाना प्रभारी टी.एस.नवरंग को मुखबीर से सूचना मिला की ग्राम लखोदना मोड में स्कूटी में अवैध रूप से गांजा रखकर बेचा जा रहा है।सूचना पर तत्काल पुलिस टीम भेजकर लखोदना मोड के पास घेराबंदी कर रेड कार्यवाही किया गया।जहां श्रीमती सुदामा केंवट के कब्जे से 02 कि.ग्रा. गांजा कीमती ₹20000 तथा 01 एक्टिवा क्रमांक CG 10 BP 0301 कीमती 50000 जुमला कीमती ₹70000 जप्त कर कब्जा पुलिस लेकर आरोपीयां के विरुद्ध अपराध धारा सबूत पाए जाने पर विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजी गई।उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी टी.एस.नवरंग, उ.नि. ओंकारधर दीवान, आरक्षक भोप साहू, संतोष श्रीवास, जलेश्वर साहू म.आर. पूर्णिमा सिदार का सराहनीय योगदान है
: कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक
Tue, Feb 27, 2024
सक्ती, कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक ली। समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने जिला अंतर्गत प्रगतिरत विभिन्न निर्माण कार्य और विभागीय कार्यों की विसतार से समीक्षा की। समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने आगामी लोकसभा चुनाव के संदर्भ में आदर्श आचार संहिता के पालन कराने हेतु एस.एस.टी.,एफ.एस.टी,वी.एस.टी. दलों के गठन सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए सर्व संबंधित विभागीय अधिकारीयों को अपने अधीनस्थ कार्यरत अधिकारियों कर्मचारियों की निर्वाचन कार्य से संबंधित पी.पी.इ.एस. सॉफ्टवेयर में समय पर एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने जिले के धान उपार्जन केन्द्रों में धान उठाव की स्थिति का समीक्षा करते हुए जल्द उठाव कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही राईस मिलों का निरीक्षण कर राईस मिलरों को जारी डीओ की मात्रा एवम चावल जमा की मात्रा की जांच करने और गड़बड़ी होने पर मिलर्स के ऊपर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागों को जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में प्राप्त विभागवार आवेदनों के जल्द से जल्द निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए एसडीएम और तहसीलदारों को अविवादित नामांतरण, अविवादित खाता विभाजन, सीमांकन सहित समस्त राजस्व प्रकरणों को समय सीमा पर निराकरण करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार समय सीमा की बैठक में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पुतरी मईया अस्पताल का जीर्णोद्धार कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही अग्निवीर भर्ती की समीक्षा करते हुए जिले में अग्निवीर भर्ती के लिए कोचिंग प्रारंभ करने के साथ ही युवाओं को एनडीए की तैयारी कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने पीएम श्री स्कूलों की व्यय स्थिति, महतारी वंदन योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, लोकसेवा गारंटी अधिनियम, स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल बोर्ड लगाने, स्टेडियम व बैडमिंटन कोर्ट निर्माण, कृषकों के लंबित ई-केवाइसी कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र कुमार लकड़ा, अपर कलेक्टर एवं एसडीएम सुश्री दिव्या अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर सुश्री रजनी भगत, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बालेश्वर राम, संयुक्त कलेक्टर श्री के. एस. पैकरा, एसडीएम श्री पंकज डाहिरे, एसडीएम श्री अरूण कुमार सोम, जिला कोषालय अधिकारी श्री दशरथ प्रसाद सोनी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री बी.एल. खरे सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।