कोरबा : नव वर्ष के पूर्व कोरबा पुलिस की अपराधियों के विरुद्ध ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी, 58 वारंटियों की गिरफ्तारी, जिनमें 17 स्थाय
Thu, Jan 1, 2026
नव वर्ष के पूर्व कोरबा पुलिस की अपराधियों के विरुद्ध ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी, 58 वारंटियों की गिरफ्तारी, जिनमें 17 स्थायी वारंटी शामिल, इस प्रकार 3 दिन में कुल 152 आरोपी हुए गिरफ्तार।
कोरबा( न्यूज उड़ान )पुलिस द्वारा जिले में कानून-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने, आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान “ऑपरेशन शांति” संचालित किया जा रहा है।
नववर्ष के पूर्व कार्रवाई करते हुए कोरबा पुलिस ने तीसरे दिन, साल के अंत से ठीक पहले भी ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी रखते हुए, 58 वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 17 स्थायी वारंटी शामिल हैं, इस प्रकार 3 दिन में कुल 152 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं ।
ये सभी आरोपी न्यायालय द्वारा पूर्व में जारी गिरफ्तारी वारंट के बावजूद लंबे समय से गिरफ्तारी से बचते हुए फरार चल रहे थे, जिन पर सतत निगरानी रखकर योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर गिरफ्तारी की गई।
इस प्रकार 3 दिनों में कोरबा पुलिस द्वारा कुल 152 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा चुका है।
इस अभियान के अंतर्गत आज की कार्यवाई में मानिकपुर चौकी,थाना कोतवाली एवं राजगामार चौकी द्वारा क्रमशः 10, 6 एवं 5 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। दूसरी ओर, थाना कोतवाली एवं मानिकपुर चौकी द्वारा 5-5 स्थायी वारंट तामील किए गए।
कोरबा पुलिस द्वारा संचालित “ऑपरेशन शांति” का मुख्य उद्देश्य जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना है।
असामाजिक तत्वों एवं वारंटियों के विरुद्ध यह विशेष कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
कोरबा : धान खरीदी में बड़ा खेल! नोडल अधिकारी के निर्देश पर प्रबंधक एवं फड़ प्रभारी प्यारे लाल साहू किसानों से ले रहा अधिक धान।
Thu, Jan 1, 2026
कोरबा (न्यूज उड़ान )जिले के आदिवासी सेवा सहकारी समिति कोरकोमा अंतर्गत धान खरीदी केंद्र में किसानों के साथ खुली मनमानी का मामला सामने आया है।
समिति के प्रबंधक एवं फड़ प्रभारी प्यारे लाल साहू द्वारा किसानों से शासन द्वारा तय मानक से अधिक धान लिया जा रहा हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासन के नियमानुसार प्रति बोरा 40.700 किलोग्राम धान लिया जाना चाहिए, लेकिन धान खरीदी केंद्र कोरकोमा में किसानों से 40.950 किलोग्राम धान लिया जा रहा है। इस प्रकार प्रति बोरा 250 ग्राम अतिरिक्त धान किसानों से जबरन लिया जा रहा है, जो सीधे-सीधे किसानों के हक पर डाका है।
इस संबंध में जब प्रबंधक व फड़ प्रभारी प्यारे लाल साहू से सवाल किया गया, तो उन्होंने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि वे यह कार्य नोडल अधिकारी के निर्देश पर कर रहे हैं।
वहीं, नोडल अधिकारी इस पूरे मामले में स्पष्ट जवाब देने से बचती नजर आईं, जिससे संदेह और गहराता जा रहा है।
सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि प्यारे लाल साहू एक ही समय में प्रबंधक और प्रभारी दोनों पदों पर पदस्थ हैं, जिसके चलते उनकी मनमानी बढ़ती जा रही है।
यह व्यक्ति विगत कई वर्षों से नियमों के विरुद्ध पदस्थ है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
धान खरीदी जैसे संवेदनशील कार्य में इस तरह की अनियमितता न केवल किसानों के साथ अन्याय है, बल्कि शासन की इस महत्वपूर्ण योजना में लापरवाह नोडल अधिकारी, प्रबंधक व फड़ प्रभारी द्वारा पलिता लगाया जाना एक गंभीर मामला हैं।
इस मामले पर प्रबंधक व फड़ प्रभारी प्यारे लाल साहू को बर्खास्त करने की मांग की गई हैं।