कोरबा : सतर्क कोरबा" अभियान के तहत कोरबा पुलिस की नशे के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई।
Thu, Jul 9, 2026
"सजग कोरबा, सतर्क कोरबा" अभियान के तहत कोरबा पुलिस की नशे के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई।
"सजग कोरबा, सतर्क कोरबा" अभियान के तहत नशे के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी।
एक ही दिन में 23 प्रकरण दर्ज कर 161 लीटर अवैध शराब जब्त।
अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई।
कोरबा, दिनांक —
पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में जिले में संचालित "सजग कोरबा, सतर्क कोरबा" अभियान के अंतर्गत नशे के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान एक ही दिन में कुल 23 प्रकरण दर्ज कर 161 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
साथ ही अवैध शराब के कारोबार में लिप्त आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की गई।
कोरबा पुलिस आमजन से अपील करती है कि अवैध शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
कोरबा पुलिस का "सजग कोरबा, सतर्क कोरबा" अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार की जाती रहेगी।
कोरबा : जिले के सामु.स्वास्थ्य केन्द्रों का कायाकल्प निरीक्षण संपन्न।
Wed, Jul 8, 2026
जिले के सामु.स्वास्थ्य केन्द्रों का कायाकल्प निरीक्षण संपन्न।
कायाकल्प कार्यक्रम के तहत राज्य एवं संभाग स्तरीय टीम के द्वारा दिनांक 06.07.2026 एवं 07.07.2026 को जिले के सामु.स्वास्थ्य केन्द्र कटघोरा, पाली, पोंड़ी उपरोड़ा,करतला तथा रानी धनराज कुंवर देवी शहरी सामु.स्वाथ्य केन्द्र का निरीक्षण किया गया।
कायाकल्प मूल्यांकन टीम में डॉ.गायत्री बॉंधी, संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवायें, बिलासपुर, डॉ. रेणूका सामुएल, स्त्रीरोग विशेषज्ञ, बिलासपुर, डॉ.प्रदीप टंडन, एसपीएम,रायपुर, डॉ.ऋषिकेश रात्रे, संभागिय क्वालिटी कंसलटें तथा डॉ.देवेन्द्र गुर्जर, हॉस्पीटल कंसल्टेंट शामिल थे।
कायाकल्प मूल्यांकन टीम द्वारा निरीक्षण के दौरान अस्पताल में स्वच्छता, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, संक्रमण नियंत्रण , मरीजों को उपलब्ध करायी जा रही स्वास्थ्य सेवाओ तथा संधारित अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एस.एन.केशरी, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.कुमार पुष्पेश, जिला कार्यक्रम प्रबंधक पद्माकर शिंदे, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती ज्योत्सना ग्वाल, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के खण्ड चिकित्सा अधिकारी तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
निरीक्षण टीम ने ओपीडी, आईपीडी, प्रसव कक्ष, प्रयोगशाला, एक्सरे कक्ष, दवा वितरण कक्ष, स्टोर, पेयजल व्यवस्था, शौंचालय तथा अन्य विभागों का निरीक्षण कर निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओ का मूल्यांकन किया।
टीम के सदस्यों द्वारा अस्पताल में उपस्थित मरीजों तथा परिजनों से अस्पताल में मिल रही उपचार एवं दिये जा रहे भोजन के संबंध में जानकारी प्राप्त किए ।
कायाकल्प मूल्यांकन टीम के द्वारा विभिन्न विभागों का निरीक्षण करते हुए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना करते हुए गुणवत्ता में सुधार एवं सेवाप्रदायगी को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि कायाकल्प के मानकों के अनुरूप् सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए ताकि मरीजों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
मुख्य चिकत्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि कायाकल्प योजना का उद्देश्य शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता, गुणवत्ता एवं संक्रमण नियंत्रण के उच्च मानकोे को सुनिश्चित करना है।
इस प्रकार नियमित मूल्यांकन से स्वास्थ्य संस्थाओं मे सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार होता है तथा मरीजों को वेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलती है।
कोरबा : कलेक्टर कुणाल दुदावत ने ली समय-सीमा की बैठक।
Wed, Jul 8, 2026
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने ली समय-सीमा की बैठक।
जिले में 15 सितंबर तक चलेगा वृहद पौधरोपण अभियान, सभी विभागों को तैयारी के निर्देश।
सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण में धीमी प्रगति पर विद्युत एवं शिक्षा विभाग को नोटिस जारी करने के निर्देश।
पीएम किसान-एग्रिस्टेक के लिए लंबित फौती नामांतरण प्रकरण एक माह में निपटाने के निर्देश।
कोरबा (न्यूज उड़ान )
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज समय-सीमा की बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों के साथ विभागीय कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ), मुख्यमंत्री जनदर्शन, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित अन्य महत्वपूर्ण लंबित प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने अनुकूल वर्षा की स्थिति को देखते हुए जिले में 15 सितंबर तक वृहद पौधरोपण अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने शासकीय कार्यालय परिसरों में पौधरोपण के लिए आवश्यक पौधों एवं ट्री-गार्ड की मांग शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पाया कि विद्युत एवं शिक्षा विभाग में शिकायतों के निराकरण की प्रगति अपेक्षाकृत कम है।
इस पर उन्होंने दोनों विभागों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य सभी विभागों को भी लंबित शिकायतों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मानसून को देखते हुए कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निचले एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में मुनादी कराने, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, राहत एवं बचाव संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
साथ ही मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाइयों एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सर्पदंश के मामलों में तत्काल उपचार की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने दूरस्थ एवं नदी-नालों के उफान के कारण सम्पर्कविहीन होने वाले क्षेत्रों में खाद्यान्न का अग्रिम भंडारण एवं सुचारु वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने हाथियों से फसल एवं अन्य प्रकार की क्षति से प्रभावित लोगों को मुआवजा प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने वर्षा के कारण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क सहित अन्य प्रमुख सड़कों को हुई क्षति का आकलन कर संबंधित निर्माण एजेंसियों एवं ठेकेदारों को आवश्यकतानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पीएम किसान-एग्रिस्टेक पोर्टल में किसानों की जानकारी अद्यतन करने तथा पटवारियों के स्तर पर लंबित फौती नामांतरण प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश तहसीलदारों को दिए।
उन्होंने तहसीलवार समीक्षा करते हुए एक माह के भीतर सभी लंबित फौती नामांतरण एवं बकेट क्लेम प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने शिक्षा, जल संसाधन तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को ब्लॉक स्तर के कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली प्रारंभ करने तथा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति ऑनलाइन अटेंडेंस प्रणाली के माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत समय-सीमा से बाहर लंबित राजस्व प्रकरणों की तहसीलवार समीक्षा करते हुए विवादित नामांतरण एवं अविवादित खाता विभाजन के मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, सहायक कलेक्टर तरुण किरण, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना सहित जिले के सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।