कोरबा : कोरबा में बिजली कटौती से व्यापारी आक्रोशित, चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने बिजली विभाग को दिया अल्टीमेटम।
Vivek Sahu
Tue, May 26, 2026
कोरबा (न्यूज उड़ान ) भीषण गर्मी के बीच शहर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से नाराज जिला चेम्बर ऑफ कॉमेर्स एण्ड इंडस्ट्रीज, कोरबा ने मंगलवार को बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
चेम्बर के प्रतिनिधिमंडल ने तुलसी नगर स्थित बिजली विभाग के जोन कार्यालय में जाकर ज्ञापन सौंपा और 28 मई तक व्यवस्था सुधारने की चेतावनी दी।
अधिकारी नदारद, कुर्सियां मिलीं खाली
आज सुबह चेम्बर का प्रतिनिधिमंडल जोन कार्यालय पहुंचा, लेकिन वहां कोई भी वरिष्ठ जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं मिला।
काफी खोजबीन के बाद भी अधिकारियों के घंटों तक नहीं आने की जानकारी मिली।
इस लापरवाही पर व्यापारियों ने कड़ा रोष जताया और मौके पर मौजूद जूनियर इंजीनियर व अन्य कर्मचारियों को ही ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी।
"बिजली की आंखमिचौली से जीना दूभर"
ज्ञापन में चेम्बर ने कहा कि कोरबा शहर में बिजली की आंखमिचौली अब विकराल समस्या बन चुकी है।
सुबह 9 से रात 9 बजे के बीच व्यावसायिक समय में रोजाना 3-4 बार घंटों बिजली गुल रहती है।
भीषण गर्मी में एसी, कूलर और पंखे बंद होने से आमजन और व्यापारी दोनों परेशान हैं।
लगातार बिजली बंद होने से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान के साथ ग्राहकों की नाराजगी भी झेलनी पड़ रही है।
28 मई तक का अल्टीमेटम
चेम्बर ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि गुरुवार, 28 मई 2026 तक बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो जिला चेम्बर ऑफ कॉमेर्स एण्ड इंडस्ट्रीज विभाग के खिलाफ आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
ज्ञापन में कहा गया कि आंदोलन की समस्त जिम्मेदारी बिजली विभाग और उसके अधिकारियों की होगी।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
ज्ञापन सौंपने गए प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष मो. न्याज नूर आरबी, महामंत्री नरेंद्र अग्रवाल, आर.पी. तिवारी, मनोज अग्रवाल, दिलीप अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, नरेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल थे।
सभी ने एक स्वर में बिजली विभाग की लचर व्यवस्था पर नाराजगी जताई।
कोरबा को ऊर्जा नगरी कहा जाता है, इसके बावजूद शहरवासियों को बिजली संकट से जूझना पड़ रहा है।
पिछले एक महीने से दिन और रात के समय बार-बार बिजली कटौती की शिकायतें बढ़ी हैं।
व्यापारियों का कहना है कि गर्मी में बिजली न होने से शोरूम, दुकानों और छोटे कारखानों का काम बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन