: जटगा में एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय आयुष स्वास्थ्य मेला का आयोजन आज।
Tue, Sep 5, 2023
कोरबा जिले में आयुष विभाग द्वारा जगह जगह स्वास्थ्य शिविर का आयोजन सफलता पूर्वक किया जा रहा है, इसी कड़ी में आयुष विभाग छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार और जिला प्रशासन कोरबा के मार्गदर्शन में प्रा.स्वा.केंद्र (आयुर्वेद) जटगा में आज दिनांक 05/09/2023 दिन मंगलवार को एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय निःशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर एवं स्वास्थ्य मेला का आयोजन रखा गया है। इस स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न प्रकार के बीमारियों का निःशुल्क इलाज किया जाएगा। शिविर प्रभारी श्री डॉ.सदानंद गिरी ने कहा कि आज जटगा में साप्ताहिक बाजार होने की वजह से शिविर में अच्छी खासी भीड़ होने की उम्मीद है। स्वास्थ्य मेला शिविर सुबह 9 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगा।
: जिले में 7 सितंबर तक मनाया जा रहा साक्षरता सप्ताह
Tue, Sep 5, 2023
कोरबा कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के मार्गदर्शन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं उपाध्यक्ष जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण तथा जिला शिक्षा अधिकारी व सचिव जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के दिशा-निर्देश में जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण द्वारा जिले में 1 से 7 सितम्बर तक साक्षरता सप्ताह मनाया जा रहा है।
जिला परियोजना अधिकारी डॉ. सीमा भारद्वाज ने बताया कि साक्षरता सप्ताह अंतर्गत विगत 02 सितम्बर को शासकीय हाई स्कूल गोपालपुर में रंगोली, मेहंदी, निबंध लेखन एवं चित्रकला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साक्षरता सप्ताह में भारत सरकार की नई शिक्षा पर केन्द्रित योजना उल्लास-नवभारत कार्यक्रम अंतर्गत बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान, महत्वपूर्ण जीवन कौशल, बुनियादी शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा और सतत शिक्षा का क्रियान्वयन किया जाएगा।
: कोरबा के अधिवक्ता सोमवार को कलमबंद हड़ताल पर, काम काज रहेगा ठप्प
Mon, Sep 4, 2023
कोरबा भूपेश सरकार द्वारा अधिवक्ताओं से किए गए प्रोटेक्शन एक्ट, सामूहिक बीमा और मृत्यु दावा राशि में बढ़ोतरी के वादों को पूरा नहीं करने पर संपूर्ण छत्तीसगढ़ के अधिवक्ता आंदोलनरत हैं, इसी कड़ी में संपूर्ण छत्तीसगढ़ के न्यायालयो और कार्यालयों में अधिवक्ता सोमवार 04 सितंबर को कार्य नहीं करेंगे।
जिला अधिवक्ता संघ कोरबा के सचिव नूतनसिंह ठाकुर ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जिलाधीश कोरबा सहित कोरबा के सभी सिविल न्यायालय, व्यवहार न्यायालय, फैमिली कोर्ट, राजस्व न्यायालयो, उपभोक्ता आयोग आदि को सुचना देकर अवगत करा दिया है कि कोरबा जिले के लगभग दो हजार अधिवक्ता एक दिन के लिए अपना कलमबंद कर हड़ताल पर रहेंगे।
सरकार के वादाखिलाफी के विरोध सोमवार 04/9/2023 को कोई भी अधिवक्ता कार्य नहीं करेंगे। अपना विरोध प्रकट करते हुए दोपहर 1 बजे वादाखिलाफी सरकार का पुतला दहन भी करेंगे।