: निर्वाचन संबंधी दायित्व समय-सीमा में पूर्ण करें नोडल अधिकारी
Tue, Oct 17, 2023
कोरबा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सौरभ कुमार ने आज कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों में संलग्न मानव संसाधन, प्रबंधन, प्रशिक्षण प्रबंधन, सामग्री प्रबंधन, कम्प्यूटराइजेशन, साइबर सिक्योरिटी और आईटी, स्वीप नोडल अधिकारी, कानून व्यवस्था, ईव्हीएम मैनेजमेंट, एमसीसी नोडल अधिकारी, व्यय निगरानी, बैलेट पोस्टर-पेपर, एमसीएमसी, कम्युनिकेशन प्लान, मतदाता, शिकायत और मतदाता हेल्पलाइन आदि के नोडल अधिकारी की बैठक लेकर निर्देशित किया कि नोडल अधिकारी निर्वाचन संबंधी दायित्वों को समय सीमा में पूरा करें। उन्होंने बिंदुवार निर्वाचन के कार्य की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पीठासीन अधिकारियों, सेक्टर अधिकारियों के प्रशिक्षण में उपस्थित रहें। उन्होंने मतदाता सूची, संभावित प्रत्याशियों के नामों का मतदाता सूची में नाम का मिलान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बैठक में मतदान केंद्रों के बाहर लेखन कार्य, मतदाता सहायता कक्ष, वाहन व्यवस्था, रूट चार्ट, मतपत्रों की उपलब्धता, सार्वजनिक सूचना जारी करने, पोस्टल बैलेट, ईव्हीएम का ट्रेनिंग, रेन्डमाइजेशन, कंट्रोल टेबल, कर्मचारी कल्याण, नामांकन कक्ष में कम्प्यूटर, इंटरनेट सहित अन्य व्यवस्था, दिव्यांग मतदाताओं हेतु व्हील चेयर की व्यवस्था, महत्वपूर्ण स्थलों पर सीसीटीवी की व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने जिले में लगी फ्लाइंट स्क्वॉड टीम को गंभीरता से कार्य करने और प्रकरण बढ़ाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने कम्युनिकेशन प्लान, सुविधा ऐप, सी-विजील में मिली शिकायतों पर कार्यवाही के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विश्वदीप, डीएफओ श्री अरविंद पीएम, नगर निगम आयुक्त सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू, श्री दिनेश नाग सहित सभी नोडल अधिकारी उपस्थित
: महिला मतदाताओं को वोट देना होगा आसान, संगवारी मतदान केंद्र होगी पहचान
Tue, Oct 17, 2023
कोरबा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन 2023 में महिला मतदाताओं की विशेष सहायता तथा सहूलियत के लिए पिंक बूथ भी बनाया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सौरभ कुमार के निर्देशन में ऐसे मतदान केन्द्रों की पहचान की गई है, जहां विगत चुनाव में महिला मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर मतदान किया था, साथ ही कम मतदान वाले मतदान केन्द्रों को चिन्हित कर पिंक बूथ निर्धारित किए गए है। पिंक बूथ में महिला मतदान अधिकारियों की ड्यूटी हेतु आज २ाासकीय साडा कन्या उच्च्तर माध्यमिक विद्यालय में पीठासीन अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सौरभ कुमार ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला पीठासीन अधिकारियों को पिंक बूथ की अवधारणा एवं पिंक बूथ के माध्यम से किए जाने वाले कार्यों के विषय में बताया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पिंक बूथ चिन्हित मतदान केन्द्रों में निर्धारित किए गए है। पिंक बूथ में सुरक्षा से लेकर पीठासीन एवं मतदान अधिकारी के रूप में महिलाएं ही होगी। उन्होंने कहा कि पीठासीन अधिकारियों के रुप में प्रशिक्षण प्राप्त कर महिलाएं पिंक बूथ में निर्वाचन कार्य में बड़ी भूमिका निभा सकती है। कलेक्टर ने महिलाओं को किसी भी मामले में पुरुष से कम नहीं होने की बात बताते हुए कहा कि पिंक बूथ हेतु जो भी जिम्मेदारी दी गई है, उसका प्रशिक्षण ध्यान से प्राप्त करें। प्रशिक्षण में पीठासीन अधिकारियों को ईव्हीएम, वीवीपैट संचालन, दिव्यांग मतदाताओं हेतु ब्रेल लिपी से मतदान, मतदान संबंधी प्रपत्र भरने, डाकमत मतपत्र सहित अन्य कार्यों को विस्तार से बताकर प्रशिक्षित किया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी. पी. भारद्वाज ने बताया कि जिले के एक विधानसभा में 10-10 संगवारी मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिसमें सभी मतदान अधिकारी महिलाएं होंगी। सभी मतदान अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री विश्वदीप सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
: पुलिस, आयकर सहित अन्य विभागों की बैठक हुई आयोजि
Tue, Oct 17, 2023
कोरबा जिले में विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2023 को निष्पक्ष एवं पारदर्शिता से संपन्न कराने हेतु कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सौरभ कुमार के निर्देशन में आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती सीमा पात्रे की उपस्थिति में पुलिस, आयकर सहित अन्य विभागों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा, जिला परिवहन अधिकारी श्री शशिकांत कुर्रे , आयकर, रेल्वे, लीड बैंक मैनेजर सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया गया कि आदर्श आचार संहिता के दौरान जिले में अवैध धन की जब्ती हेतु आवश्यक कार्यवाही करें। जिले में निर्मित सभी बैरियर, चेकपोस्ट पर तैनात स्थैतिक निगरानी दल द्वारा आने-जाने वाली सभी गाड़ियों की मुस्तैदी से जांच करें। इस हेतु सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में उड़नदस्ता दल, स्थैतिक निगरानी दल द्वारा जांच में किसी व्यक्ति से नगदी दस लाख रुपये जब्त होने पर तत्काल इसकी जब्ती कर आयकर विभाग के अधिकारियों को सूचना दी जायेगी। आयकर विभाग के अधिकृत अधिकारी जब्त रुपये सहित अन्य सामग्रियों की जांच करेंगे। एफआईआर दर्ज के साथ जब्त रुपये, आभूषण के संबंध में दस्तावेजोें की जांच के उपरांत ही आगे की कार्यवाही की जायेगी। इस हेतु आयकर विभाग को अवैध धन की जब्ती के लिए प्रभावी कार्य योजना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जब्ती की कार्यवाही से बचने के लिए संबंधितों को रुपये एवं अन्य सामग्रियों से संबंधित आवश्यक सभी दस्तावेज अपने साथ रखना आवश्यक है।
इसी प्रकार बैठक में रेलवे पुलिस बल को भी यात्रियों की गंभीरता से जांच कर अवैध धन प्राप्त होने पर तत्काल निर्वाचन शाखा को सूचित करने के लिए निर्देशित किया गया। साथ ही एलडीएम को बैंक के माध्यम से होने वाले लेनदेन में निगरानी रखने के लिए कहा गया। बड़ी राशि के लेनदेन होने तथा किसी भी लेनदेन में शंका होने पर उसकी सूचना निर्वाचन की टीम को तत्काल देने के लिए निर्देशित किया गया।