: कलेक्टर ने सुनी जनदर्शन में आमनागरिको की फरियाद। कुल 70 आवेदन हुए प्राप्त।
Mon, Apr 21, 2025
कोरबा( न्यूज उड़ान )कलेक्टर जनदर्शन में आज कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने आमनागरिको की समस्याओं को सुना। उन्होंने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों को सम्बंधित अधिकारियों को प्रेषित कर समय-सीमा के भीतर निराकरण के निर्देश दिए हैं। जन दर्शन में कुल 70 आवेदन प्राप्त हुए।कलेक्टर जनदर्शन में आज सीमांकन, पट्टा, खाता विभाजन, बिजली बिल,पीएम आवास,राशनकार्ड, प्राकृतिक आपदा की राशि,विद्युत ट्रांसफार्मर, उज्ज्वला कनेक्शन आदि के आवेदन प्राप्त हुए। ग्राम चिकनीपाली के लिटीयराम साहू ने खाता विभाजन, तिवरता के संजय कुमार ने काबिज भूमि को अपने नाम कराने, जमनीपाली के सुराजी दास ने बिजली बिल अधिक आने की शिकायत, मनकेश्वर चौहान ने पीएम आवास,ढोढ़ी पारा के संगीता ने रोजगार के लिए, अनिल कुमार चौधरी ने भूमि को भुइयां पोर्टल में दर्ज कराने, आवेदक मोहनलाल ने पोड़ी उपरोड़ा के कोठखर्रा में जमीन बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करने, ग्राम रामाकछार के सरपंच ने आंगनबाड़ी तेलसरा, रामाकछार,नदियापार में नवीन भवन, प्राथमिक शाला सरापारा में अहाता निर्माण, पोड़ी उपरोड़ा के ग्राम भैसामुडा की प्रमीला धनवार ने प्राकृतिक आपदा आर्थिक सहायता, ग्राम तेलसरा के पत्थर सिंह ने सीमांकन, गेवरा बस्ती के मंगलदास ने सीमांकन संबंधित आवेदन दिए। इसी तरह बालको की ज्योति वैष्णव ने उज्ज्वला गैस कनेक्शन, कथरी माल की कौशल्या ने ग्राम में ग्राम पंचायत भवन, राजू कुमार राजवाड़े ने पटवारी कार्यालय, पार्षद रवि चंदेल ने रेडी टू ईट के वितरण में धांधली, ग्राम डूमरडीह के राजकुमार यादव ने बैटरी सायकिल, ग्राम पंचायत ढोलपुर के पथरी ग्राम में मृत व्यक्ति के नाम पर स्वीकृत पीएम आवास में गड़बड़ी तथा गांव में सीसी रोड,तालाब में पचरी निर्माण, भवन सहित अन्य लोगो द्वारा अलग-अलग आवेदन दिए गए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर निराकरण के निर्देश दिए हैं।
: उद्योग मंत्री ने दी वार्ड क्र. 28 को 01 करोड़ 05 लाख रूपये के विकास कार्यो की सौगात।
Mon, Apr 21, 2025
कोरबा( न्यूज उड़ान) छत्तीसगढ़ के उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने आज नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्र. 28 में 01 करोड़ 05 लाख रूपये के नए विकास कार्यो की सौगात दी, वार्ड में अन्य विभिन्न विकास कार्यो के साथ-साथ मिनीमाता शासकीय कन्या महाविद्यालय में 75 लाख रूपये की लागत से डोम का निर्माण कराया जाएगा। आज महाविद्यालय में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने इन विकास कार्यो का भूमिपूजन किया, भूमिपूजन कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने की, वहीं सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, निगम के पार्षदगण व जनप्रतिनिधिगण विशेष रूप से उपस्थित थे। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वार्ड क्र. 28 के अंतर्गत आने वाले शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय कोरबा में 75 लाख रूपये की लागत से सेल्फ सर्पोटेड डोम एवं किचन शेड का निर्माण कराया जाएगा। इसी प्रकार वार्ड क्र. 28 के अंतर्गत स्थित हेलीपेड के पास 18 लाख 68 हजार रूपये की लागत से विजिटर रूम का निर्माण होगा, वहीं वार्ड क्र. 28 के ही अंतर्गत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम स्कूल एन.सी.डी.सी. में 06 लाख 30 हजार रूपये की लागत से साईकिल स्टैण्ड का निर्माण एवं वार्ड क्र. 28 अंतर्गत बुधवारी बाजार के समीप नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा निर्मित सामुदायिक भवन में आंतरिक विद्युतीकरण एवं शौचालय का निर्माण कार्य 05 लाख रूपये की लागत से किया जाना हैं। आज शासकीय मिनीमाता कन्य महाविद्यालय प्रांगण में उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान इन विकास कार्यो की आधारशिला उद्योग मंत्री श्री देवांगन के द्वारा रखी गई।जिला खनिज न्यास मद से हो रहे व्यापक विकास कार्यइस अवसर पर दिए गए अपने उद्बोधन में उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को मैं तहे दिल से धन्यवाद देता हूॅं कि उन्होने जिला खनिज न्यास की स्थापना कर जिलों में विकास कार्यो का मार्ग प्रशस्त किया है, आज कोरबा जिले में ही नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ के अनेक जिलों में जिला खनिज न्यास मद के अंतर्गत व्यापक पैमाने पर कार्य हो रहे हैं, जिले के खनिज संसाधनों से शासन को मिलने वाली राशि का उपयोग उसी जिले के विकास में खर्च करने की सरकार की अवधारणा अत्यंत सराहनीय है, जिसके सार्थक परिणाम मिल रहे हैं। उन्होने आगे कहा कि प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सरकार ने छत्तीसगढ़ को भ्रष्ट्राचार मुक्त राज्य बनाने की दिशा में कार्य किया है, अब जनता के पैसों का दुरूपयोग नहीं हो रहा, विकास कार्यो में ही पैसा खर्च हो रहा है। मंत्री श्री देवांगन ने आगे कहा कि जहॉं तक कोरबा के विकास का प्रश्न है, तो कोरबा के हर वार्ड, हर बस्ती में बडे़ पैमाने पर विकास कार्य हो रहे हैं, यहॉं की जनता ने जिस उम्मीद के साथ हम लोगों को सत्ता सौपी हैं, हम उनकी उम्मीदों पर खरा उतरे, इस दिशा में पूरी ईमानदारी के साथ कार्य किए जा रहे हैं। उन्होने कहा कि कोरबा में ऐसे उद्योग लगें, जिसमें प्रदूषण न होता हो, इस दिशा में कार्य किए जा रहे हैं, एल्युमिनियम पार्क की स्थापना हेतु भी कार्यवाही की जा रही है। जल आपूर्ति हेतु नई पाईप लाईनें भी बिछाई जा रही है, टूटी सड़कों की मरम्मत भी होगी, वहीं जहॉं पर बहुत ही ज्यादा पानी की समस्या है, वहॉं पर बोर करने की स्वीकृति का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है। इस मौके पर उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने मिनीमाता की प्रतिमा स्थल की मरम्मत किए जाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।विकास को दी जा रही, तेज गति व सही दिशाइस अवसर पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरूण साव एवं उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में कोरबा नगर निगम क्षेत्र में यहॉं के नागरिकों की इच्छा, मांग व आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए वार्ड व बस्तियों में व्यापक पैमाने पर कार्य कराए जा रहे हैं तथा विकास कार्यो को तेज गति व सही दिशा दी जा रही है। उन्होने कहा कि क्षेत्र की देवतुल्य जनता ने जिस विश्वास के साथ हमें निगम की बागडोर सौपी है, उनका वह विश्वास कायम रहेंगा, यह मैं विश्वास दिलाती हूॅं। कोरबा के नागरिकों की समस्याएं मेरी अपनी समस्याएं हैं, जिनका समुचित निराकरण सर्वाच्च प्राथमिकता के साथ किया जाएगा, यहॉ के लोगों की इच्छा के अनुरूप ही आगे भी विकास कार्य किए जाएंगे। भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ,पार्षद श्री नरेन्द्र देवांगन, ममता यादव, सुनीता चौहान, सिमरनजीत कौर, मण्डल अध्यक्ष राजेश राठौर, अजय विश्वकर्मा, नरेन्द्र पाटनवार, महाविद्यालय के प्राचार्य राजेन्द्र सिंह, प्रकाश अग्रवाल, शिवसिंह चंदेल, सुशील गर्ग, शैलेन्द्र सिंह पप्पी, सुमन सोनी, ज्योति वर्मा, विनय जायसवाल, पवन सिन्हा, अनिल वस्त्रकार, हेमंत माहूलिकर, धनपाल सौलंकी, पुनीराम साहू, रमा मिर्री, प्रीती चौहान, राखी तिवारी, अंजू चन्द्रा आदि काफी संख्या में नागरिकगण व महाविद्यालय के अध्यापक- अध्यापिकागण तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
: कोरबा पुलिस की अवैध पार्किंग पर सतत कार्रवाई।
Mon, Apr 21, 2025
कोरबा शहर में "नो पार्किंग" स्थलों पर अवैध रूप से वाहनों के खड़े किए जाने की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों पर यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में विगत दो दिनों के दौरान यातायात पुलिस द्वारा टीपी नगर, राताखार, सीएसईबी चौक,ट्रांसपोर्ट नगर सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। इस दौरान नो पार्किंग में खड़े कुल 72 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए ₹21,600 समन शुल्क वसूल किया गया है।
यह अभियान आगे भी शहर के अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतत रूप से जारी रहेगा।---कोरबा पुलिस की नागरिकों से अपील:नगर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करती है। आपसे अनुरोध है कि अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें एवं "नो पार्किंग" जैसे प्रतिबंधित क्षेत्रों में वाहन खड़ा करने से परहेज़ करें।अवैध पार्किंग न केवल सामान्य यातायात को बाधित करती है, बल्कि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के संचालन में भी गंभीर अड़चन उत्पन्न कर सकती है।
आपका छोटा सा सहयोग—जैसे वाहन को सही स्थान पर खड़ा करना—शहर को जाममुक्त, सुरक्षित और सुगम बनाने में बड़ी भूमिका निभा सकता है।कोरबा पुलिस आपकी सुरक्षा और सुविधा हेतु सदैव तत्पर है।