कोरबा : कलेक्टर जनदर्शन में सुनी गई जनसमस्याएं।
Tue, Mar 10, 2026
गंभीर रोग से पीड़ितों को उपचार के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना का लाभ दिलाने के दिए निर्देश।
83 वर्षीय बुजुर्ग की बैंक से राशि निकालने में परेशानी, कलेक्टर ने लीड बैंक मैनेजर को सहयोग हेतु किया निर्देशित।
मकान विहीन हितग्राहियों को पीएम आवास कॉलोनी में आवास दिलाने के निर्देश।
दिव्यांग हितग्राहियों से संपर्क कर ट्राइसाइकिल की मरम्मत व आवष्यकतानुसार नई ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश।
जनदर्शन में 100 आवेदन हुए प्राप्त, कलेक्टर ने त्वरित समाधान के दिए निर्देश।
कोरबा( न्यूज उड़ान )
जिला कार्यालय में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने दूरस्थ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं, शिकायतों और मांगों को गंभीरता से सुना।
जनदर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे आवेदकों ने बारी-बारी से अपने आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर राहत मिल सके।
जनदर्शन में बालको के दिव्यांग प्रदीप कुमार राठौर ने नए ट्राइसाइकिल प्रदान करने का आवेदन प्रस्तुत किया।
कलेक्टर श्री दुदावत ने उप संचालक समाज कल्याण को निर्देश दिए कि जनदर्शन में आने वाले ट्राइसाइकिल और सहायक उपकरण की आवश्यकता वाले सभी दिव्यांगों के आवेंदनो पर तुरंत कार्यवाही की जाए। साथ ही दिव्यांग प्रमाण पत्र से छूटे दिव्यांगों का प्रमाण पत्र बनवाने में भी पूरा सहयोग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभाग को निर्देशित किया कि जिले में मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्राप्त सभी दिव्यांगों से संपर्क कर उनकी स्थिति जानी जाए, मरम्मत योग्य ट्राइसाइकिलों को शीघ्र मरम्मत कराए जाएँ और नए ट्राइसाइकिल आवश्यकतानुसार प्रदान किए जाएँ।
आवेदक विपेंद्र कुमार राठौर ने अपने पुत्र देवांश राठौर के हृदय में छेद की बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की।
इसी प्रकार लक्ष्मी देवी मांझी ने अपने पुत्र दक्ष मांझी के हृदय वाल्व संबंधी गंभीर बीमारी के उपचार हेतु मदद का निवेदन किया।
संतोष मानिकपुरी ने अपने टेट्रा प्लेजिया रोग के बेहतर इलाज के लिए आर्थिक सहयोग की मांग की।
कलेक्टर श्री दुदावत ने इन सभी आवेदनों को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को प्रेषित करते हुए पीड़ितों को मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
83 वर्षीय बुजुर्ग श्री मनहरण प्रसाद त्रिवेदी ने अपनी जमा राशि निकालने में हो रही परेशानी के संबंध में बताया कि वृद्धावस्था के कारण हस्ताक्षर मिलान नहीं होने की वजह से बैंक से उनकी राशि आहरित करने में कठिनाई हो रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने लीड बैंक मैनेजर को निर्देशित किया कि प्रकरण की पूरी जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा बुजुर्ग आवेदक को उनकी धनराशि निकालने में नियमानुसार सहायता प्रदान की जाए।
कोरबा नगरीय क्षेत्र के बालको निवासी तारा सोनी एवं अन्य आवेदकों ने अपने मकान न होने की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री आवास शहरी योजना के तहत आवास प्रदान करने की मांग की।
कलेक्टर ने आवेदकों से उनकी स्वयं की जमीन की स्थिति जानकर कहा कि यदि उनके पास स्वयं की जमीन नहीं है, तो नगर के दादर खुर्द में निर्मित प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी में उन्हें किफायती दर पर आवास आबंटित किया जाएगा।
उन्होंने इस संबंध में निगम आयुक्त को आवास की आवश्यकता वाले लोगों से आवेदन प्राप्त कर आवास आबंटित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
जनदर्शन में सीमांकन, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, आरबीसी 6-4 के तहत राहत राशि दिलाने, मुआवजा वितरण, नक्शा दुरुस्त करने, पीएम आवास की राशि प्रदान करने, बिजली आपूर्ति आदि मामलों के कुल 100 आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जाए और आवेदकों को समय पर राहत और समाधान उपलब्ध कराया जाए।
इस अवसर पर विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी तरुण कुमार किरण, सीईओ जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल व श्री ओंकार यादव सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
राजौरी : जम्मू-पुंछ हाईवे पर दर्दनाक हादसा, पांच दिन के नवजात सहित मां की मौत।
Tue, Mar 10, 2026
राजौरी / न्यूज उड़ान
जम्मू–पुंछ हाईवे पर एक दुखद घटना में जिला पुंछ मंडी निवासी शहनाज़ अख्तर की अपने पांच दिन के नवजात शिशु सहित मौत हो गई।
हादसा तब पेश आया जब सुंदरबनी के अंतर्गत बलशामा गांव के पास पहुंचते ही चालक कार से संतुलन खो बैठा और कार को निजी स्कूल बस जेके11जी - 8076 के साथ पीछे से ठोक दिया।
जिससे बड़ा हादसा पेश आया। बता दें कि इसमें बस ड्राइवर की गलती नहीं है।
हादसे की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस घटना स्थल पर पहुंच आई और मां और पांच दिन के बच्चे का शव अपने कब्जे में लिया।
बताया जा रहा है कि यह हादसा हाईवे पर हुआ, जिसमें मां और नवजात दोनों की जान चली गई।
घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
वहीं पुलिस थाना धर्मसाल ने इस संबध में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट.....अनिल भारद्वाज
कोरबा : कलेक्टर की तालियों ने बढ़ाया हौसला, आंगनबाड़ी में बच्चों ने सुनाई ए-बी-सी-डी।
Mon, Mar 9, 2026
कोरबा( न्यूज उड़ान )
शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानने जब कलेक्टर कुणाल दुदावत दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के दौरे पर निकले, तो ग्राम लेमरू में एक दिलचस्प और आत्मीय दृश्य देखने को मिला।
सड़क किनारे स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर नजर पड़ते ही कलेक्टर ने अपनी गाड़ी रुकवाई और अचानक केंद्र के भीतर पहुंच गए।
अचानक पहुंचे इस अपरिचित व्यक्ति को देखकर आंगनबाड़ी में मौजूद छोटे-छोटे बच्चे और कार्यकर्ता कुछ पल के लिए अचंभित रह गए।
बच्चों के चेहरों पर कौतूहल था और कमरे में कुछ क्षणों के लिए खामोशी छा गई। बच्चों की झिझक को समझते हुए कलेक्टर श्री दुदावत ने मुस्कुराते हुए उनसे पूछा...आपमें से कौन ए, बी, सी, डी सुनाएगा? पहले तो कोई भी बच्चा कुछ बोलने को तैयार नहीं हुआ।
तभी एक बच्चे ने धीमे से कहा, मुझे आता है, सब पता है...कलेक्टर ने उसे प्रोत्साहित करते हुए कहा..अगर आता है तो सुना दो। बच्चा फिर भी झिझकता रहा और बस यही दोहराता रहा कि उसे सब पता है।
तब कलेक्टर ने मुस्कुराते हुए कहा कि जो बच्चा ए, बी, सी, डी सुनाएगा, उसे टॉफी मिलेगी। इतना सुनते ही एक बच्चे ने आत्मविश्वास के साथ पूरा ए, बी, सी, डी सुना दिया।
बच्चे की इस कोशिश पर कलेक्टर ने “वेरी गुड” कहते हुए सभी बच्चों से ताली बजवाई और स्वयं भी तालियां बजाईं।
कलेक्टर को मुस्कुराते और ताली बजाते देख बच्चों की झिझक दूर हो गई और उनके चेहरों पर भी मुस्कान लौट आई।
इसके बाद कलेक्टर ने बच्चों से रंगों के नाम भी पूछे और सही जवाब देने वाले बच्चों को टॉफी देकर प्रोत्साहित किया। साथ ही अन्य बच्चों को भी मन लगाकर पढ़ने और सीखने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी में बच्चों को सिखाई जा रही आदतों, अक्षर ज्ञान, रंगों की पहचान और खेलकूद संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली।
उन्होंने बच्चों को दिए जाने वाले पोषण आहार के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मुक्तिलता कुजूर से बच्चों के ग्रोथ चार्ट और पोषण ट्रैकर में दर्ज जानकारी की समीक्षा की तथा कुछ बच्चों का वजन भी कराया। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र में दर्ज सभी बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, आंगनबाड़ी समय पर खुले और बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार पोषण आहार नियमित रूप से दिया जाए।
साथ ही बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने शिशुवती और गर्भवती महिलाओं की जानकारी नियमित रूप से रखने तथा उन्हें पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन की गुणवत्ता पर ध्यान देने के निर्देश।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने लेमरू में डीएमएफ मद से निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने आरईएस, जनपद सीईओ और ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।
कलेक्टर ने एक माह के भीतर सभी अधूरे कार्य पूर्ण करने तथा नए शैक्षणिक सत्र से नए भवन में आंगनबाड़ी का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।