कोरबा : धान खरीदी केंद्र में दंतैल की दस्तक, दंतैल हाथी को कर्मचारियों ने खदेड़ा।
Fri, Jan 16, 2026
कोरबा (न्यूज उड़ान )जिले के चचिया धान खरीदी केंद्र में रात के वक्त एक दंतैल हाथी आ धमका।
हाथी के आने से एकबारगी दहशत का माहौल रहा लेकिन धान की रक्षा करने का प्रयास नहीं छोड़ा और हाथी को खदेड़ दिया।
सामने आए वीडियो के मुताबिक जब हाथी आया तो धान खरीदी केंद्र के कर्मचारी दहशत में आ गए लेकिन हिम्मत नहीं हारी।
जब हाथी ने धान की बोरियों को गिराया तब वह नुकसान ना पहुंचाए,इसके लिए मौजूद सभी लोगों ने मिलकर टॉर्च की रोशनी दिखाते हुए और शोर मचाकर हाथी को खदेड़ कर धान की रक्षा फिलहाल कर ली।
दैवयोग से यह हाथी आक्रामक नहीं हुआ बल्कि आसानी से रुख मोड़कर जंगल की तरफ लौट गया लेकिन उपार्जन केंद्र में पड़े धान से आकर्षित हाथी वापस न लौटे,इसकी कोई गारंटी नहीं।
हाथी प्रभावित केंद्रों से पहले उठाव की जरूरत
हाथी प्रभावित क्षेत्रों के धान खरीदी केन्द्रों में मौजूद धान का उठाव होने तक खतरा बना ही रहता है।
हाथियों के आने से किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता था। यह पहली बार नहीं है कि धान केन्द्र में हाथी आया हो, बल्कि हाथी कभी भी पहुंच जाते हैं, और केन्द्र में घुसकर धान खा कर चले जाते हैं, जो नुकसान की वजह बनते हैं।
ऐसे में आवश्यक है कि चिन्हित हाथी प्रभावित धान खरीदी केंद्रों से उठाव को गतिपूर्वक प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
कोरबा : धान उपार्जन केंद्रों में गड़बड़ी, दो समिति प्रबंधक दायित्वों से पृथक।
Thu, Jan 15, 2026
कोरबा (न्यूज उड़ान )
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित तुमान और कोरकोमा के धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण में प्रारंभिक व्यवस्था में कई कमियां सामने आईं।
जांच में पाया गया कि किसानों से लाए गए धान को किसान बोरे से सीधे समिति बारदाने में पलटी कर खरीदी की जा रही थी।
इसके अलावा स्टेकिंग सही ढंग से नहीं की गई, हमालों की उचित व्यवस्था नहीं थी और अन्य कई अव्यवस्थाएं पाई गईं।
शिकायत की जांच के बाद सहकारी समिति कोरबा के प्रबंधक प्यारेलाल साहू और तुमान के समिति के प्रभारी प्रबंधक रंजीत कंवर को समिति प्रबंधकीय दायित्वों से पृथक किया गया है।
सभी केंद्रों में किसानों के हित और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही धान खरीदी सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
कोरबा : पात्र किसानों से हो गुणवत्तापूर्ण धान की खरीदीःकलेक्टर।
Thu, Jan 15, 2026
पात्र किसानों से हो गुणवत्तापूर्ण धान की खरीदीःकलेक्टर।
किसानों से प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेकर उचित कार्यवाही के दिये निर्देश।
भौतिक सत्यापन के साथ कोचिये के माध्यम से होने वाली अवैध खरीदी पर रोक लगाने और सतत निगरानी के दिये निर्देश।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश।
कोरबा (न्यूज उड़ान )
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज शाम धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा बैठक लेते हुए धान खरीदी केंद्रों के नोडल अधिकारियों, समिति प्रबंधकों, एसडीएम एवं तहसीलदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि खरीदी केंद्रों में आने वाले किसानों के धान की गुणवत्ता का परीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए तथा धान की खरीदी औसत गुणवत्ता शासन के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप ही हो।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शासन के मापदंडों के अनुसार केवल मूल किसानों से ही उनका धान खरीदा जाए।
रकबा संशोधन एवं त्रुटि सुधार से संबंधित आवेदनों पर गंभीरता से कार्यवाही कर किसानों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि कोचियों के माध्यम से अवैध धान खरीदी पर पूरी तरह रोक लगाई जाए और लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी 65 उपार्जन केंद्रों में पटवारियों की नियुक्ति कर दी गई है, जो 31 जनवरी 2026 तक वहीं उपस्थित रहकर नोडल अधिकारियों के साथ अवैध खरीदी पर नियंत्रण रखेंगे।
कलेक्टर ने निर्देश दिया कि 31 जनवरी तक कटे सभी टोकनों का सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। साथ ही एसडीएम एवं तहसीलदार अगले 15 दिनों तक अपने क्षेत्रों के उपार्जन केंद्रों का सतत निरीक्षण जारी रखें।
कलेक्टर ने निर्देश दिया कि किसानों द्वारा लाया गया धान सीधे बोरी में डालकर गोदाम में न रखा जाए। धान को पहले ढेरी लगाकर साफ-सफाई के बाद ही बोरी में भरा जाए और नमी की जांच भी की जाए।
धान उठाव के दौरान मिलर्स के ट्रकों की एंट्री व एग्जिट पर आगे की नंबर प्लेट एवं पीछे लदे धान की फोटो लेकर एंट्री करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि उठाव की प्रक्रिया केवल दिन में ही हो और संबंधित नोडल अधिकारी इस दौरान उपस्थित रहें। स्टैकिंग के समय बोरों की रैंडम तौल कर गुणवत्ता परीक्षण सुनिश्चित करने और खराब गुणवत्ता का धान स्वीकार नहीं करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने भौतिक सत्यापन के समय नोडल अधिकारी और समिति प्रबंधक की उपस्थिति को अनिवार्य बताया।
कलेक्टर ने एसडीएम एवं तहसीलदारों को आवश्यकतानुसार आकस्मिक सत्यापन के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि कोई किसान यदि किसी अन्य व्यक्ति का धान लेकर आता है तो जांच कर धान की जप्ती तथा प्रकरण का उचित निराकरण किया जाए।
राइस मिलों के वेरिफिकेशन को गति देने के निर्देश देते हुए उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को 31 जनवरी 2026 तक उपार्जन केंद्रों में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने पटवारियों को टोकन आधारित भौतिक सत्यापन करने एवं सहकारिता निरीक्षक तथा मंडी सचिव/निरीक्षक को केंद्रों में नियमित निरीक्षण जारी रखने का निर्देश दिया।
इस दौरान अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव, सभी एसडीएम, खाद्य अधिकारी घनश्याम कँवर, उप पंजीयक सहकारिता एम आर ध्रुव, नोडल कोऑपरेटिव बैंक एस के जोशी, डीएमओ ऋतुराज देवांगन सहित संबंधित खरीदी केंद्र के पटवारी अन्य उपस्थित रहे।