Tuesday 28th of April 2026

ब्रेकिंग

GDC Doongi Organizes Unity March and Marathon under Nasha Mukt Bharat Abhiyan

Meritorious Students Felicitated at PM SHRI HSS Fatehpur.

Mega Parent-Teacher Meeting Successfully Conducted Across Schools in District Rajouri.

सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत बालको थाना में मैत्री हेल्पलाइन कार्यशाला आयोजित।

सिंहितराई पावर प्लांट हादसे पर दुख जताया,सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई - अनिल अग्रवाल।

कोरबा : होली का उपहार : किसानों को समर्थन मूल्य की अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान। किसानों को दोहरी खुशी, सरकार ने निभाया हर वादा:

होली का उपहार : किसानों को समर्थन मूल्य की अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान।

किसानों को दोहरी खुशी, सरकार ने निभाया हर वादा: मंत्री श्री लखनलाल देवांगन।

कोरबा जिले के 43,681 किसानों के खातों में 200.81 करोड़ रुपये अंतरित।

विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को सामग्री एवं अनुदान का किया गया वितरण।

कोरबा (न्यूज उड़ान )मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप सुशासन सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने वाले किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर की राशि का एकमुश्त भुगतान होली पर्व से पूर्व आज उनके बैंक खातों में अंतरित किया गया।

राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड अंतर्गत ग्राम रहंगी में किया गया, जहां मुख्यमंत्री श्री साय ने योजना अंतर्गत प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया तथा कृषकों से संवाद भी किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कोरबा जिले के हरदीमहुवा, ग्राम देवपहरी निवासी कृषक श्री सुखन साय कोरवा से संवाद कर योजना के लाभ की जानकारी ली।

उन्होंने कृषक से खेती की भूमि, उत्पादन एवं आदान सहायता राशि के उपयोग के संबंध में चर्चा की। कृषक श्री कोरवा ने बताया कि प्राप्त राशि का उपयोग वे अपने आवास निर्माण कार्य में करेंगे।

जिला स्तरीय समारोह सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित।

कोरबा जिले में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया।

कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि होली का पावन पर्व रंग, उमंग और आपसी भाईचारे का प्रतीक है, और इस अवसर पर किसानों के खातों में अंतर राशि का अंतरण वास्तव में उनके लिए दोहरी खुशी लेकर आया है।

एक ओर जहां पूरा प्रदेश होली के उत्साह में सराबोर है, वहीं दूसरी ओर सरकार द्वारा किए गए वचन-पूर्ति ने किसानों के परिश्रम को सम्मान देते हुए उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने “मोदी की गारंटी” के अंतर्गत किसानों का धान सर्वाधिक समर्थन मूल्य पर खरीदने का जो संकल्प लिया था, उसे मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के कुशल नेतृत्व में पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया गया है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में किसानों के समग्र विकास के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, वहीं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्राकृतिक आपदा या फसल क्षति की स्थिति में उन्हें सुरक्षा कवच उपलब्ध कराया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त सिंचाई, कृषि यंत्रीकरण, भूमिहीन किसानों के सशक्तिकरण के लिए भी विभिन्न योजनाएं संचालित हैं, जिनसे किसानों की आय में वृद्धि और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित हो रही है।

मंत्री श्री देवांगन ने बताया कि कोरबा जिले के कुल 43 हजार 681 किसानों के खातों में आज 200.81 करोड़ रुपये की अंतर राशि अंतरित की जा रही है, जो जिले के कृषकों के लिए बड़ी सौगात है।

उन्होंने कहा कि यह राशि किसानों के परिवारों की आवश्यकताओं की पूर्ति, कृषि कार्यों में निवेश तथा सामाजिक-आर्थिक उन्नति में सहायक सिद्ध होगी। अंत में उन्होंने सभी कृषकों को होली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए इस ऐतिहासिक पहल पर बधाई प्रेषित की।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत आज का दिन पूरे छत्तीसगढ़ के लिए खुशहाली का प्रतीक है।

किसानों के चेहरों पर आई मुस्कान सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है और किसानों के हित में लिए जा रहे निर्णय उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बना रहे हैं।

कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने कहा कि कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत जिले के सभी विकासखंडों में आदान सहायता राशि वितरण समारोह आयोजित किए गए हैं।

राज्य सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के पश्चात अंतर राशि का भुगतान आज किसानों के खातों में पहुंच रहा है।

उन्होंने उपस्थित किसानों का स्वागत करते हुए सभी को आगामी होली पर्व की शुभकामनाएं दीं।

विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को सामग्री एवं सहायता का वितरण।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए, मंत्री श्री देवांगन ने स्टालों का अवलोकन कर विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति एवं हितग्राहियों को दिए जा रहे लाभों की जानकारी प्राप्त की जिनमें बीज निगम, सीएसपीडीसीएल, स्व-सहायता समूह, कोसा विभाग, मत्स्य पालन विभाग, पशुधन विभाग, सहकारिता विभाग, कृषि विभाग एवं किसान पंजीयन से संबंधित स्टॉल शामिल थे।

इस अवसर पर कृषि विभाग द्वारा 11 हितग्राहियों को विद्युत पम्प, सहकारिता विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को केसीसी ऋण, मत्स्य विभाग द्वारा 8 हितग्राहियों को महाजाल 2 आइस बॉक्स 2 एवं 4 ग्रोथ प्रमोटर, रेशम विभाग द्वारा 8 हितग्राहियों को कोसाफल राशि के चेक, उद्यान विभाग द्वारा 10 हितग्राहियों को अनुदान राशि एवं प्रमाण पत्र तथा पशु चिकित्सा विभाग द्वारा 6 हितग्राहियों को डेमो चेक प्रदान कर लाभान्वित किया गया। सभी हितग्राहियों को यह सामग्री एवं प्रमाण पत्र मंत्री श्री देवांगन के करकमलों से प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, श्री नरेंद्र देवांगन, श्री लक्ष्मण श्रीवास, श्री प्रफुल्ल तिवारी, कृषि स्थाई समिति की सभापति श्रीमती सुष्मिता कमलेश अनंत, श्रीमती रेणुका राठिया सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Tags :

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन

विज्ञापन

विज्ञापन